
सावन के अंतिम सोमवार को वस्त्रनगरी की गलियों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
|
पंकज पोरवाल |
![]() |
---|
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) शहर सहित जिले भर में सावन के अंतिम सोमवार को लेकर शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवालयों में शिवभक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। खासकर महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर काफी उत्साह देखा गया। सुबह से ओम नमो शिवाय, हर हर महादेव ओर बम बम भोले के जयकारों की गूंज है। शहर के विभिन्न शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में भक्त भोलेनाथ को रिझाने के लिए मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने जल, दूध, आक, धतूरा और बिल्व पत्र आदि भोले बाबा को अर्पण किए। शहर के प्रमुख शिव मंदिर हरनी महादेव में सुबह से ही भक्तों की कतार नजर आई। शहर सहित आसपास के क्षेत्र से लोग भगवान महादेव के दर्शन करने के लिए पहुंचे। शहर के मनोकामेश्वर महादेव, मंगलेश्वर महादेव, मुख्य मार्केट स्थित पिपलेश्वर महादेव, सांगानेर खाखरा वाले देवता सहित आदि स्थानों पर भोले बाबा का सुंदर श्रृंगार किया गया। शहर समेत जिलेभर के मंदिरों और गलियों में भगवान शिव की भक्ति का अद्वितीय नजारा देखने को मिला। कांवड़ियों की पदयात्रा, मंदिरों में अभिषेक, भक्तों की आराधना और वातावरण में गूंजता शिवनाम इन सबने सावन के इस आखिरी सोमवार को अविस्मरणीय बना दिया।
मंदिरों में धार्मिक आयोजनों का दौर
शहर के साथ-साथ प्रमुख शक्तिपीठ तिलस्वां महादेव, पातोला महादेव, अधरशिला सहित अनेक शिव स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। आज कई मंदिरों में शिव चालीसा, सहस्त्रधारा अभिषेक सहित नमक चमक जैसे आयोजन किए गए। कई स्थानों पर आकर्षक तरीके से शिव परिवार की सजावट की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर दर्शन कर भगवान से खुशहाली और उन्नति की कामना की।
म्ंगलेश्वर महादेव का सब्जियों से हुआ श्रृंगार
शहर के मंगला चौक स्थित मंगलेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अंतिम सोमवार को हरी सब्जियों से भगवान भोलेनाथ का श्रृंगार किया गया। यह श्रृंगार विशेष रूप से हरी सब्जियों जैसे ककड़ी, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, भिंडी, टिंडे, और फूल गोभी का उपयोग करके किया गया था। श्रृंगार के दौरान, मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और सभी ने भगवान शिव के इस अनोखे रूप के दर्शन किए। विदित रहे मंगलेश्वर महादेव मंदिर में पुरे सावन मास पर भोलेनाथ का अलग-अलग रूपों में श्रृंगार किया जा रहा है।
Latest News
